जींद, 7 नवंबर । आईटीआई अध्यापक की जमीनी रंजिश के चलते योजना के तहत लाठी व डंडों से पीट कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उचाना थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर दो युवकों को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खरकभूरा निवासी अभिषेक ने शुक्रवार को उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता ओमप्रकाश शामली (उत्तर प्रदेश) स्थित आईटीआई में अध्यापक लगे हुए थे। ओमप्रकाश दो दिन पहले छुट्टी पर गांव में आए हुए थे। गुरूवार को देर शाम को उसके पिता अपने मोटरसाइकिल पर तरखा रोड पर खेत में काम करने गए थे। रात को सूचना मिली कि तरखा से खरकभूरा रोड पर रेस्टोरेंट के पास सड़क पर उसके पिता ओमप्रकाश मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। जिस पर वह मौके पर पहुंचे तो उसके पिता के सिर, नाक, आंख व चेहरे पर चोटें लगी हुई थीं व पास में मोटरसाइकिल व हेलमेट पड़ा हुआ था।
आसपास पता करने पर पता चला कि उसके पिता के साथ गांव खरकभूरा निवासी अजय व वजीर तथा तीन-चार अन्य ने मारपीट की और फिर योजना के तहत लाठी व डंडों से पीट कर हत्या कर सड़क पर फैंक कर चले गए। अभिषेक ने बताया कि उनके परिवार का अजय व वजीर से जमीनी विवाद चला हुआ है। इसी विवाद के चलते उसके पिता की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अभिषेक की शिकायत पर अजय, सुनील व तीन-चार अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
