वाराणसी। पाण्डेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स में हुई सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए कैंट थाना पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को कैंट थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में थाना कैण्ट की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार महिला की पहचान शीला देवी (42 वर्ष), पत्नी सोनू विश्वकर्मा, निवासी सिकिया, थाना नारायनपुर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना कैण्ट में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।
पुलिस के अनुसार 27 जनवरी 2026 को महिला पाण्डेयपुर स्थित ए.के. ज्वेलर्स की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची थी। आभूषण देखने के दौरान जब दुकानदार अन्य ग्राहकों में व्यस्त हो गया, तभी महिला ने मौके का फायदा उठाते हुए सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
गुरुवार शाम पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से एक जोड़ी टप्स, एक नथिया, दो जोड़ी कान की बालियां, एक जोड़ी कान की छाली, दो अंगूठियां (कुल पीली धातु वजन 16.455 ग्राम) तथा एक सफेद धातु का कड़ा (वजन 55.380 ग्राम) बरामद किया गया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
