मीरजापुर,। लालगंज थाना क्षेत्र स्थित रीवा-मीरजापुर हाईवे पर गुरुवार देर रात बारात से लौट रही बारतियाें से भरी बोलेरो बेकाबू होकर बेलन नहर पुल की रेलिंग से टकरा कर पलट गई। हादसे में किशोर की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना बरौंधा चौकी अंतर्गत बेलन नदी पुल की है। हलिया थाना क्षेत्र के बड़ौंही गांव निवासी सुनील कुमार पाल (15) की हादसे में माैत हाे गई है। वहीं, अश्विनी पाल (16), पवन पाल (12), जीतबहादुर पाल (13), गोलू पाल (8) और गढ़वा घोरावल निवासी अंजनी पाल (6), पवांरी कला निवासी लीलम पाल (14) घायल हाे गए। सुनील के चाचा बृजेश कुमार पाल ने बताया कि ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित इंद्रवार गांव से रिश्तेदार की बारात लालगंज के लखनिया गांव गई थी।
शादी समारोह के बाद देर रात सभी लोग बोलेरो से वापस लौट रहे थे, तभी पुल पर वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गया और सड़क पर पलट गया। इसमें सुनील की माैत हाे गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य बारातियों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
