बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बिना लाइसेंस के अस्पताल और पैथॉलोजी केन्द्रों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केन्द्रों के खिलाफ शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान चलाया है। तीन केंद्रों पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान दो केन्द्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सबसे पहले टीम ने मर्सी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा। यहां वैध पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। बिना अनुमति केंद्र संचालित होता देख टीम ने मौके पर ही सेंटर को सील कर दिया। इसके बाद सहारा अल्ट्रासाउंड की जांच की गई। यह सेंटर पंजीकृत पते के बजाय दूसरे स्थान पर संचालित पाया गया, जिसे गंभीर अनियमितता मानते हुए अधिकारियों ने तत्काल ताला जड़ दिया।
तीसरे नंबर पर एल्फा अल्ट्रासाउंड की जांच की गई लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही केंद्र बंद मिला। निरीक्षण की सूचना मिलते ही संचालक के फरार होने की बात सामने आई। प्राथमिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर केंद्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नोडल पीसीपीएनडीटी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने कहा कि जिले में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
