बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में पांच युवकों पर एक किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि गड़वार थाने की पुलिस को बुधवार शाम को सूचना दी गई कि थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 फरवरी की शाम को शौच करने बाहर गई 15 वर्षीय किशोरी के साथ उसके गांव के ही पांच युवक पकड़कर सुनसान स्थान पर ले गए। जहां उन्होंने किशोरी को डरा-धमका कर सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने वाले पांच में से चार युवकों को किशोरी पहचानती है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर चार नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने में लगी है। पीड़िता समेत अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। साथ ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
